संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ऑपरेशन स्माइल के तहत थाना तितरम पुलिस ने दो बच्चों को ढूंढकर सकुशल उनके परिजन से मिलवाया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, तितरम पुलिस को सूचना मिली थी कि जाखौली गांव के पास 10-12 वर्षीय एक बच्चा लावारिस हालत में घूम रहा है। थाना प्रभारी पीएसआई रवि की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को संरक्षण में लिया और उससे पूछताछ की। बच्चा केवल अयोध्या का नाम बता पा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने अयोध्या थाने से संपर्क कर बच्चे की फोटो साझा की, जिसके आधार पर परिजन का पता लगाया गया। जांच में सामने आया कि बच्चा गांव रामपुर, जिला फैजाबाद (अयोध्या) का निवासी है और मानसिक परेशानी के चलते करीब 4-5 महीने पहले घर से निकल गया था। परिजनों को तितरम थाने बुलाकर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, दूसरे मामले में बुधवार सुबह तितरम स्थित नवोदय विद्यालय का करीब 12 वर्षीय छात्र लापता हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर बच्चे को गांव कैलरम से खोज निकाला। इसके बाद विद्यालय स्टाफ और परिजनों को मौके पर बुलाकर छात्र को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया गया।