मेडिकल ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी करने पर गिरफ्तार
पुलिस ने एक व्यक्ति को मेडिकल ऑक्सीजन की कालाबाजारी करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक गैस सिलिंडर व कालाबाजारी के लिए प्रयोग की गई कार को जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रबंधक सिविल लाइन एसआई रमेश चंद की टीम द्वारा टी-प्वाईंट करनाल रोड नजदीक शमशान घाट पर किसी को कालाबाजारी में ऑक्सीजन गैस सिलिंडर बेचने आए आरोपी विष्णु निवासी करोड़ा हाल निवासी बालाजी कालोनी देवीगढ़ रोड कैथल को काबू कर लिया गया। तहसीलदार कैथल सुदेश मेहरा की मौजूदगी में की गई जांच के दौरान आरोपी की आई-10 गाड़ी की डिग्गी से एक मेडिकल ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद हुआ, जिसके बारे में वह न तो कोई संतोष जनक जवाब दे सका तथा न ही कोई दस्तावेज या लाइसेंस दिखा सका। थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज करके आरोपी को मौके पर पहुंचे सबइंस्पेक्टर सुभाष चंद्र द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम की सहित धारा 188 तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 53 के तहत गिरफ्तार कर लिया।