संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पूंडरी। पंचायती राज दिवस पर जिले को प्रदेश सरकार ने करीब 11 करोड़ 45 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात प्रदान की। इसके लिए लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय ग्राम उत्थान सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने इनका उद्धाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश की आत्मा हमारे गांवों व उसकी संस्कृति में वास करती है और पंचायती राज संस्थाएं गांव के विकास की नींव हैं। ये संस्थाएं ही गांव के विकास को गति प्रदान करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ग्रामीण क्षेत्र के उत्थान एवं आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे है।
वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय ग्राम उत्थान सम्मेलन में अपने संबोधन में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि विकास के लिए सभी पंचायती राज संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी की जरूरत है। सरकार भी गांव के विकास के लिए खुले मन से धन दे ही है। ऐसे में हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि हमें पूरी ईमानदारी से एक एक पैसे का सही इस्तेमाल करें, ताकि इसका लाभ गांव के प्रत्येक व्यक्ति को मिले।
इस मौकेे पर पंचकूला में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सैनी के भाषण को व बिहार से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भाषण को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी ने सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश को करीब 233 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें जिले को 11 करोड़ 45 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात मिली।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि अकेले पूंडरी क्षेत्र में आठ करोड़ के विकास कार्या का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि गांवों को शहरों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। गांव की फिरनियों को पक्का किया जा रहा है। सामुदायिक केंद्र, ग्राम सचिवालय, योगशालाएं, स्ट्रीट लाइटें आदि लगवाकर गांव को चमकाया जा रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने सभी को पंचायती राज दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की है। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का एक जीवंत उदाहरण है।
नगर परिषद की अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने कहा कि गांव के विकास से ही राष्ट्र का विकास हो सकता है। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने मुख्यातिथि विधायक सतपाल जांबा व अन्य का स्वागत किया। राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर बधाई भी दी।
यहां होगा विकास
विधायक सतपाल जांबा ने दुमाड़ा व शिमला गांव में फिरनी के कार्य का शिलान्यास किया। गांव खेड़ी शेरखां, डीग, फरियाबाद, ककहेड़ी, कोटड़ा, मंडवाल, मुंदड़ी, नरवलगढ़, पाई, शादीपुर और सिरसल में बनी फिरनियों का उद्घाटन किया। इसी प्रकार पबनावा, धेरडू, रसीना तथा टीक में सामुदायिक केंद्रों का उन्होंने उद्घाटन किया।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर दो मिनट का मौन रखा
कार्यक्रम के दौरान विधायक सतपाल जांबा ने पहलगांव में गत दिनों हुई आतंकी घटना की निंदा की और कहा कि देश इस कायरतापूर्ण हमले का जवाब देगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने पहलगांव में हुई निंदनीय घटना को लेकर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।