कैथल। उपायुक्त प्रीति ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविरों की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के निवारण का एक प्रभावी माध्यम हैं। इसलिए इनमें आने वाली शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और प्रत्येक शिकायत को लिखित रूप में दर्ज किया जाए। कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों की स्थिति पर स्वयं निगरानी रखें और यह सुनिश्चित करें कि एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) की गुणवत्ता इतनी प्रभावी हो कि कोई शिकायत दोबारा न खुले।
इससे पहले, चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समाधान शिविरों की समीक्षा की गई। डीसी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर प्राप्त शिकायतों का यथा शीघ्र निपटान करें और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करें। संवाद