जिले भर के लोगों को अब बिजली कटों से राहत मिलने की उम्मीद है। कारण कि एक सप्ताह पहले खेदड़ व पानीपत प्लांट में आई तकनीकी खराबी को अब दुरुस्त कर लिया गया है। इसका असर बृहस्पतिवार को भी दिखा, जब रात में बिजली निगम की ओर से 10 मिनट का एक कट लगाया गया, इसके बाद बिजली सुचारु रूप से रही।
खेदड़ और पानीपत प्लांट में आई तकनीकी खराबी के कारण पिछले एक सप्ताह से चार घंटे तक कट लगना शुरू हो गए थे। इससे तपती गर्मी में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई थी, लेकिन अब प्लांट के सुचारु होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासी
संदीप, मनोज, रामा, सुनीता, मनफूल, रणपत, निशान सिंह ने बताया कि रात के समय पिछले एक सप्ताह से चार-चार घंटे बिजली चले जाने के कारण भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ रहा था। साथ ही मच्छर काटने से बीमार होने का भी खतरा बना हुआ था, लेकिन वीरवार रात को बिजली कटों से कुछ राहत मिली है।
घरेलू व कारोबार पर पड़ा असर-
दुकानदार नफा, रामदिया, सुमेर सिंह, सजाता ने बताया कि बिजली कटौती का घरेलू व कारोबार पर बहुत असर पड़ता है। कई दिनों से बिजली कम आने के कारण घरेलू कार्य प्रभावित हो रहा था। वहीं कारोबार पर भी बुरा असर पड़ रहा था।
30 अप्रैल तक गांवों की बिजली रहेगी बंद
30 अप्रैल तक गांवों में दिन की बिजली अभी बंद रहेगी। गेहूं के सीजन के कारण बिजली को निगम की तरफ से बंद किया हुआ है, ताकि खेतों में आगजनी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। शाम छह बजे से सुबह आठ बजे तक बिजली सुचारु रूप से जारी रहेगी।
एक्सईएन प्रदीप गोयत ने बताया कि बिजली की कोई कमी नहीं है। तकनीकी खराबी आने के कारण पिछले दिनों दिक्कत आ गई थी। अब सभी पावर प्लांट ठीक हो गए। वीरवार रात्रि केवल एक कट लगा है। लोगों को अब परेशानी नहीं आने दी जाएगी।