कैथल। अब लर्निंग लाइसेंस बनवाने वालों को ट्रैफिक नियमों के बारे में ऑनलाइन टेस्ट देना होगा। इसे पास करने के बाद ही लाइसेंस बन सकेंगे। कंप्यूटर के माध्यम से लिए जाने वाले इस टेस्ट में फेल होने की स्थिति में किसी अन्य दिवस लाइसेस बनवाने के लिए आना होगा।
विशेष काउंटर बनाया जाएगा
सुविधा के लिए विशेष लर्निंग लाइसेंस काउंटर बनाया जा रहा है। जिसका शुभारंभ डीसी एन के सोलंकी वीरवार को दस बजे करेंगे। डीआईओ दीपक खुराना ने बताया कि इस काउंटर पर प्रार्थी को एक टेस्ट पास करना होगा, जिसमें उससे यातायात नियमों से संबंधित 10 सवाल पूछे जाएंगे। जिनका उसे हां या ना में जवाब देना होगा। आवेदक को 10 में से 6 सवालों के ठीक जवाब देने पर ही उसे लर्निंग लाइसेंस बनवाने का पात्र माना जाएगा। एक प्रश्न का जवाब 30 सेकेंड में देना होगा, अन्यथा कंप्यूटर अगले प्रश्न के साथ आगे बढ़ जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस टेस्ट को पास न करने वाले प्रार्थी को अगले किसी कार्य दिवस में दोबारा भी मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइसेंस बनवाने वाले व्यक्ति को यातायात के नियमों की जानकारी देने के उद्देश्य से इसे शुरू किया गया है। ताकि वह सड़कों पर वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करे। अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की भी सुरक्षा का ध्यान रखे।
नए वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष का भी होगा उद्घाटन
वीरवार को ही डीसी एनके सोलंकी लघु सचिवालय के द्वितीय तल पर एक अतिरिक्त वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष का भी साढ़े नौ बजे उद्घाटन करेंगे। यहां राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार के उच्चाधिकारियों के साथ एक ही समय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।