कैथल/ राजौंद। भतीजे की आर्मी में नौकरी लगने के खुशी में लड्डू लाने गए कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत एक युवक की हादसे में मौत हो गई। दरअसल, गुलियाना बस अड्डे के पास दो बाइकों की भिंड़त में राजेश की जान चली गई।
हादसे के बाद आरोपी युवक को पकड़ने का प्रयास करने पर उसने लोगों पर फायरिंग कर दी। जिसमें उसे खुद गोली लग गई और वह घायल हो गया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने मौके से पिस्तौल और बाइक कब्जे में ले ली है। आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस में कई मामले दर्ज हैं। पिछले सप्ताह ही कैथल में एक युवक से बाइक छीनने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था।
जानकारी के अनुसार, गांव गुलियाणा निवासी राजेश कुमार अपने भतीजे सुनील कुमार की आर्मी में नौकरी लगने की खुशी में गांव किठाना से लड्डू लेने के लिए गया था।
वह लड्डू लेकर जब वापस लौट रहा था तो गांव गुलियाणा के बस अड्डे के पास एक बाइक के साथ उसकी बाइक की टक्कर हो गई। जिससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ा तो एक गोली उसे ही लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
मौके पर पहुंची किठाना चौकी प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसकी पहचान गांव जाखौली निवासी नरेश कुमार के रूप में हुई। जिसके खिलाफ पुलिस में पहले ही डकैती और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले : पुलिस
सूचना मिलने पर सीआईए प्रभारी सत्यवान भी अस्पताल पहुंचे। प्रभारी राजकुमार ने बताया कि नरेश कुमार के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी तलाश थी। सड़क हादसे में राजेश की मौत के बाद लोगों के हादसा स्थल के पास पहुंचने पर उसने फायरिंग की। इसके बावजूद उसे काबू कर लिया गया। सीआईए थाना प्रभारी सत्यवान ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश है। उम्मीद है कि पिछले सप्ताह कैथल के करनाल रोड से लूटी गई बाइक मामले में भी उससे पूछताछ में अहम सुराग मिल सकते हैं।
चार भाई थे, दो की पहले ही हो चुकी है मौत
कैथल। गांव गुलियाणा में बुधवार को दोपहर से पहले तक राजेश कुमार के घर में खुशी के मारे परिजन फूले नहीं समा रहे थे। भतीजे की सेना में नौकरी लगने पर राजेश काफी खुश था। जिस कारण वह किठाना से लड्डु लेने के लिए निकल पड़ा। वह लड्डू तो नहीं ला सका, लेकिन बीच रास्ते में हुए हादसे में मौत की आगोश में समा गया। जिस कारण परिवार को मिली खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक राजेश अपने परिवार में चार भाईयों में तीसरे नंबर पर था। उसके दो बड़े भाईयों की पहले मौत हो चुकी है। अब छोटा भाई नरेश ही बचा है। राजेश पास के ही गांव किठाना में कोऑपरेटिव बैंक में कर्मचारी था। वह अपने पीछे माता-पिता, भाई एवं एक बेटा और पत्नी छोड़ गया। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थी।