कैथल। मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पटल यानी सीएम विंडों पर लोगों द्वारा की गई शिकायतों के संबंध में डीसी प्रदीप दहिया ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं से जुड़े इस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों पर गंभीरता से काम करते हुए उन्हें शीघ्रता से निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में एक शिकायत पर समय पर काम न करने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जारी किए।
डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि विंडो पर शिकायतों के निवारण से आम जन को सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं, जोकि बड़ा ही सराहनीय कार्य है। जिले में अब तक 15835 शिकायतों में से 14888 का निस्तारण कर दिया गया है। जिले में शिकायत निपटान की दर 94.02 है। निर्धारित समय में न निपटाने वाली 365 शिकायतों के संदर्भ में डीडीपीओ, राजस्व, डीआरडीए, डीडीए, एलडीएम, पुलिस, लोक निर्माण, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की एक-एक करके समीक्षा की। बैठक में एसडीएम मनीष कुमार लोहान, सीटीएम गुलजार अहमद, जिप सीईओ सुरेश राविश, अतिरिक्त सीईओ अमित कुमार,डीएसपी कुलवंत सिंह, डीआईओ दीपक खुराना, कार्यकारी अभियंता डॉ. केएस पठानिया, सीएमजीजीए कुनाल, डीआरओ चांदी राम, डीडीपीओ कवंर दमन, डीएसडब्ल्युओ कुलदीप शर्मा, सीएमओ जयंत आहुजा, डीडीए डॉ. कर्मचंद, बीडीपीओ रोजी, नरेंद्र सिंह, श्याम लाल व सुमित चौधरी, सुदेश, कमलेश गर्ग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।