कैथल। जिलेभर की अनाज मंडियों में अब गेहूं की आवक बढ़ने लगी है लेकिन उठान काफी धीमा है। वहीं, मंडियों में सड़क पर गेहूं डालने पर 12 आढ़तियों को नोटिस थमाया।
आवक बढ़ने पर मंडी में फीड पर गेहूं डालने के लिए जगह कम मिलने पर आढ़तियों ने अतिरिक्त अनाज मंडी व नई अनाज मंडी में सड़क पर गेहूं डाला था। इसके बाद ही यह कार्रवाई की गई है। सड़क पर गेहूं डाले जाने के कारण मंडी के अंदर अब ट्रैक्टर-ट्राॅली नहीं जा रही है।
इस बारे में मार्केट कमेटी की टीम ने दोनों अनाज मंडियों का निरीक्षण किया तो सड़क पर गेहूं डाला हुआ मिला। वहीं, आढ़तियों का कहना है कि उठान धीमा होने के कारण उन्हें गेहूं डालने में दिक्कत आ रही है। फीड पर जगह न मिलने के कारण सड़क पर मजबूरी में गेहूं डाली जा रही है।
उधर, अनाज मंडियों में रविवार का अवकाश होने के चलते खरीद कार्य बंद रहा।
गौरतलब है कि शनिवार को विस्तार अनाज मंडी से गेहूं की उठान का कार्य शुरू किया गया था। अब तक करीब ढाई लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। इस कारण आढ़तियों व किसानों की परेशानी बढ़ रही है।
वर्जन-
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने बताया कि गेहूं सीजन में अब मंडियों में आवक बढ़ने लगी है। शहर की अतिरिक्त व नई अनाज मंडी में सड़क पर गेहूं डाला था। इस कारण मंडी में जाम लग जाता है। संबंधित आढ़तियों को नोटिस जारी किया गया है।
सरकारी अधिकारी कर रहे मनमानी : सतपाल
कैथल। गुहणा गांव में सरकारी खरीद के निर्धारित समय के 13 दिन बीत जाने के बावजूद सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है। इस पर किसानों ने अपना रोष जताया है।
किसान नेता सतपाल दिल्लोवाली ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू कर दी है लेकिन गुहना खरीद केंद्र पर 13 अप्रैल तक एक भी दाना की खरीद नहीं हुई है।
इस कारण किसानों में रोष है और वह सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारे लगा रहे हैं। मंडी में कुछ सरकारी अधिकारी अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। सरकार तो चाहती है वह किसान का एक-एक दाना खरीदे, लेकिन कुछ अधिकारी हैं, जो सरकार को बदनाम करना चाहते हैं।
वे चेतावनी देते हैं या तो गेहूं की खरीद कल से सुचारू रूप से की जाए नहीं तो 15 अप्रैल को किसान सभी खरीद एजेंसियों का घेराव करेंगे। कैथल की डीसी से भी अपील है कि किसानों की समस्याओं को दूर किया जाए। इस मौके पर कुलदीप गुहणा, रमेश शर्मा, बजिंद्र, लाभ सिंह, सुखदेव राजवीर आदि किसान मौजूद थे।