कैथल। विदेश भेजने के नाम पर दो लोगों ने बाता निवासी एक युवक से नौ लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने कलायत थाना में नाथवान पट्टी बाता निवासी सोनू की शिकायत पर बलविंद्र व नरेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में सोनू ने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। 12 सितंबर 2020 को बाता निवासी नीरज के साथ असंध में ऑस्ट्रेलिया ओवरसीज के मालिक चोचड़ा निवासी बलविंद्र को मिला था। वहां पर बलविंद्र के साथ उसकी बुआ का लड़का राजौंद निवासी नरेश भी था। बलविंद्र व नरेश के साथ आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 18 लाख रुपये में बातचीत हुई।
बाता निवासी नीरज के सामने दो लाख रुपये बलविंद्र को दिए थे। चार नवंबर 2020 को तीन लाख रुपये नकद दिए। 15 दिसंबर 2020 को गांव के नीरज के खाता से बलविंद्र के खाते में एक लाख 50 हजार रुपये डलवाए। 20 दिसंबर 2020 को एक लाख रुपये नीरज के सामने बलविंद्र व नरेश को गांव बाता में दिए। उसने विदेश जाने के लिए बलविंद्र व नरेश को नौ लाख रुपये दिए है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।