कैथल। नगर परिषद में अब रात की सफाई का टेंडर लगा दिया गया है। अगले 15 दिनों तक विभिन्न एजेंसियां टेंडर के लिए आवेदन कर सकती हैं। इसके बाद टेंडर अलाट किया जाएगा। इससे लगभग एक वर्ष से बंद पड़े रात्रिकालीन सफाई के कार्य को जल्द ही फिर से गति मिलने की उम्मीद जग गई है।
विदित हो कि नगर परिषद की ओर से पिछले साल रात्रिकालीन सफाई के लिए टेंडर छोड़ा गया था। इस टेंडर को बीच में ही रद्द कर दिया गया था। जिस कारण रात की सफाई का काम बंद पड़ा हुआ है। शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण में भी इस बात का असर दिखाई दिया। क्योंकि कई स्थानों से साफ-सफाई ठीक ढंग से नहीं हो पा रही है। लगभग 65 से अधिक कर्मचारियों को इस टेंडर के माध्यम से रोजगार मिला हुआ था। पिछले साल टेंडर रद्द होने के बाद से ही इस टेंडर को लगाने की मांग उठती रही है। पूर्व में नगर परिषद ने एक बार टेंडर लगाने का प्रयास किया तो विभाग मुख्यालय से इस संबंध में निर्देश मिले कि अभी टेंडर नहीं लगाना है। पिछले सप्ताह टेंडर लगाने के संबंध में अनुमति मिली। इस पर अब रात की सफाई का टेंडर लगा दिया गया है। इससे रात की सफाई का काम फिर से शुरू होने की संभावना बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि रात्रिकालीन सफाई न होने के कारण शहर के कई इलाकों में गंदगी देखने को मिल जाती है। इससे लोगों में भी रोष है।
ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने कहा कि रात की सफाई का टेंडर लगाया गया है। अगले पंद्रह दिनों में इसे खोला जाएगा। इसके बाद नियमानुसार पात्र पाई जाने वाली एजेंसी को काम दिया जाएगा। ताकि शहर की साफ-सफाई का काम अच्छे ढंग से हो सके।