संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गुहला से कांग्रेस के विधायक देवेंद्र हंस ने नगरपालिका चीका के सभागार में मंगलवार को लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान विधायक ने नपा सचिव से शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। इस बीच उनसे मिले कई पार्षदों ने आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी बिल बनाकर अधिकारी नगर पालिका को लूट रहे हैं।
इस बीच विधायक हंस ने सचिव से पूरे हो चुके विकास कार्यों व उन पर खर्च की गई राशि के संंबंध में जानकारी ली। शिकायतें लेकर आए लोगों ने विधायक को बताया कि नपा की ओर से सफाई ठेकेदार को 25 लाख रुपये महीना का भुगतान किया जाता है जबकि शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है। लोगों की शिकायत के उपरांत विधायक ने सचिव से सफाई कर्मचारियों की सूची उपलब्ध करवाने को कहा तो सचिव सूची उपलब्ध करवाने की बजाए मामले को टालते नजर आए। इस दौरान लोगों ने विधायक के समक्ष शहर में ठप पड़ी स्ट्रीट लाइटें, नपा की जमीन पर अवैध कब्जे, दुकानदारों व रेहड़ी चालकों द्वारा अवैध रूप से रोकी गई सडक़ों के मुद्दे रखे।
शिविर के दौरान विधायक ने नपा अधिकारियों से शहरी क्षेत्र में बनाई जा रही प्रापर्टी आईडी को लेकर उठ रहे सवालों पर भी जवाब तलब किया। इस बीच विधायक ने अध्यक्ष पर द्वेष भावना से काम करने के आरोप भी लगाए। इस दौरान विधायक देवेंद्र हंस के समक्ष वार्ड-16 के पार्षद तरसेम गोयल, वार्ड-दो के पार्षद दलबीर सीड़ा व अन्य ने बताया कि वर्तमान अध्यक्ष ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में विकास पर 70 करोड़ रुपये खर्च दर्शाया है जबकि शहर में कहीं भी इतनी राशि के काम हुए नजर नहीं आ रहे।
पार्षद तरसेम गोयल ने कहा कि नपा अधिकारियों ने उनके वार्ड में फड़ को पक्का करने के लिए 25 लाख रुपये खर्च दर्शाए हैं, जबकि वह काम मात्र पांच से सात लाख रुपये का है। पार्षदों ने कहा कि पिछले अढ़ाई साल में हुए विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि की एसीबी से जांच करवाई जाए तो एक बड़ा घोटाला सामने आ सकता है।
वार्ड नंबर दो के पार्षद दलबीर सीड़ा ने आरोप लगाया कि चीका नगरपालिका की चेयरपर्सन द्वेष भावना से काम करती हैं। दलबीर सीड़ा ने कहा कि उनके वार्ड के दर्जनों ऐसे विकास के काम है जो निहायत ही जरूरी है और उन्हें करने में किसी भी प्रकार की तकनीकी दिक्कत नहीं है, इसके बावजूद अध्यक्ष उन कामों को ना करके ऐसे काम करती हैं जो या तो पहले हो चुके हैं या फिर उनकी जरूरत नहीं है।
मामलों की जांच की बात विधानसभा में उठाऊंगा
चीका नगरपालिका द्वारा करवाए गए विकास कार्यों और उनके लिए किए गए भुगतान की जांच करवाने के लिए सरकार को लिखूंगा। यदि जरूरत पड़ी तो मामले को विधानसभा सत्र में भी उठाने से नहीं हिचकूंगा। -देवेंद्र हंस, कांग्रेस विधायक
अध्यक्ष ने पार्षदों के अनुसार करवाए काम
शहर में विकास के काफी काम हुए हैं लेकिन अध्यक्ष ने बहुत सारे काम पार्षदों के कहे अनुसार ना करवाकर अपने स्तर पर करवाए हैं। भ्रष्टाचार जैसी कोई बात नहीं है जो भी काम हुए वे सभी पारदर्शिता से करवाए गए हैं। -राजेश शर्मा, सचिव नगरपालिका चीका।
सभी कामों के प्रस्ताव पार्षदों के कहे अनुसार ही डाले जाते है। आज तक मैंने अपनी मर्जी से एक भी कम का प्रस्ताव नहीं डाला, फर्जी बिल बनाने के आरोप झूठे हैं। एक भी बिल ऐसा नहीं है, जो बिना काम किए ग़लत तरीक़े से बना हो, हाऊस की मीटिंग इसी माह बुलाने पर विचार किया जा रहा है। -डॉ. रेखा रानी, अध्यक्ष, नगरपालिका चीका।