संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने अवैध हथियारों की सप्लाई मामले में बड़ा खुलासा करते हुए मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले आरोपी गांव राजपुर छाजपुर, जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी अभिषेक उर्फ अभी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे चार दिन के रिमांड पर लिया है।
16 अगस्त की कार्रवाई ः पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 16 अगस्त को एसडीयू प्रभारी एसआई रमेश चंद की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की सप्लाई में संलिप्त तीन युवकों को टी-प्वाइंट कौल के समीप वाहन चेकिंग के दौरान काबू किया था। गिरफ्तार युवकों की पहचान नीरज उर्फ गोल्डी निवासी गांव चोरकारसा (जिला करनाल), मोहित
निवासी कौल और राहुल निवासी करनाल के रूप में हुई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी नीरज से दो कारतूस, मोहित से एक देसी पिस्तौल (.32 बोर) और दो कारतूस तथा राहुल से एक देसी पिस्तौल (.32 बोर) और दो कारतूस बरामद किए गए थे। इस मामले में थाना ढांड में केस दर्ज है।
आगामी जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त तीनों आरोपियों को अवैध असलहा-अमुनेशन दिलवाने में यूपी निवासी अभिषेक उर्फ अभी की भूमिका थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच के लिए चार दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।