कैथल। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, क्योड़क में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार में इस उल्लेखनीय उपलब्धि को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में हिताक्षी ने प्रथम, सीमा ने द्वितीय और वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में रूबी ने प्रथम, शिक्षा ने द्वितीय और स्नेहा ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए राशि एवं भारती को भी सम्मानित किया गया। छात्रा रूबी ने फिजिकल एजुकेशन विषय में और सीमा ने विज्ञान विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस शानदार उपलब्धि पर उनके विषय अध्यापक जगदीप एवं राहुल की ओर से छात्राओं को चांदी के सिक्के देकर सम्मानित किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक, क्योड़क शाखा के मुख्य प्रबंधक विजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को पुरस्कार वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर परिश्रम व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या पूनम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व अपने अभिभावकों का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक राजेश, स्वाति, हुकमचंद, रमेश आदि मौजूद रहे।