संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद । गांव जलमाना के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल राजौंद निवासी कुलदीप की उपचार के दौरान मौत हो गई। वह करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था।
कुलदीप ड्यूटी समाप्त कर करनाल से बाइक पर राजौंद स्थित अपने घर लौट रहा था। गांव जलमाना के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को अवगत कराया और घायल को तत्काल असंध के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे करनाल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है।