संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव खानपुर के एक गाड़ी मैकेनिक से सिस्टम अपडेट के नाम पर 2 लाख 10 हजार रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी हो गई। ठगों ने मोबाइल फोन के अपडेट के दौरान खाते से कई ट्रांजैक्शन कर रकम निकाल ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खानपुर निवासी राममेहर ने बताया कि वह गाड़ी रिपेयर का काम करता है और उसके खाते पंजाब नेशनल बैंक व सेंट्रल बैंक में हैं। 25 मार्च को उसके मोबाइल की बैटरी डाउन थी, जिसके चलते उसने फोन चार्जिंग पर लगा दिया। कुछ समय बाद जब उसने फोन चेक किया तो उसमें सिस्टम अपडेट लिखा आ रहा था और फोन काम नहीं कर रहा था।
राममेहर ने फोन एक मैकेनिक को भी दिखाया, जिसने बताया कि फोन अपडेट हो रहा है और बाद में ठीक हो जाएगा। इसके बाद दो दिन तक फोन उसी स्थिति में रहा।
27 मार्च की सुबह जब उसने फोन चेक किया तो वह सामान्य रूप से काम करने लगा। इसके बाद जब उसने मैसेज देखे तो पता चला कि 25 मार्च को उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 13,000 रुपये तथा सेंट्रल बैंक खाते से 98,000 रुपये निकाले गए।
इसके अलावा 26 मार्च को सेंट्रल बैंक खाते से 49,400 रुपये और 49,885 रुपये के ट्रांजैक्शन हुए। धोखाधड़ी का पता चलते ही राममेहर ने तुरंत बैंक जाकर अपने दोनों खातों को डेबिट फ्रीज करवा दिया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, उसके साथ कुल 2,10,285 रुपये की ठगी की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।