कैथल। वरिष्ठ नागरिक भवन में सीनियर सिटीजन एसोसिएशन की बैठक हुई। इस मौके पर किसी ने सीमाओं की सैनिकों की वीरता के बारे में बताया तो किसी ने हंसाया। भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय भी बन गया तो भारत माता के जयकारे भी गूंजे।
बैठक का शुभारंभ गायत्री मंत्र का तीन बार उच्चारण करके किया गया। फकीरचंद गर्ग व भोलाराम ने भजन व गीत सुना कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। सीताराम ने चुटकुले सुना कर सारा वातावरण खुशनुमा बना दिया। कैप्टन रवि दत्त शर्मा ने सैनिकों के दैनिक जीवन के बारे में बताते हुए अपने कार्यकाल के अनुभव भी साझा किए। बताया कि सैनिक बॉर्डर पर किस तरह से हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं तथा सियाचिन में कड़ाके की सर्दी और बारिश के मौसम में वे किस तरह से रहते हैं।
बलबीर सिंह नंदी की ओर से देशभक्ति के गीत सुनाए जाने पर सारा सभागार भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। देशराज सैनी ने संस्था के बारे में अपने विचार रखे और कई तरह के सुझाव भी बताए। इस मौके पर रामनारायण रावल, रविदत्त शर्मा शिवनारायण राविश व विजय कुमार गुप्ता को जन्म दिन की बधाई व शुभकामनाएं दी व उपहार भी भेंट किए। सभा के समापन पर प्रधान रामनारायण रावल ने सभी सदस्यों का धन्यवाद किया व वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क करके समाधान के लिए सुझाव दिए। संवाद