संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वीरवार को जिलेभर के 10 हजार 230 घरों व दुकानों में डेंगू के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 13 जगहों पर लार्वा मिला। अब तक जिले में एक हजार सात जगहों पर डेंगू का लारवा मिल चुका है। सभी जगह संबंधित मालिकों को नोटिस दिया व साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया। वहीं, 17 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आज आएगी।
गौरतलब है कि अब तक 862 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। अभी तक जिले के कोई भी केस डेंगू और मलेरिया का नही आया है। विभाग ने प्रत्येक रविवार को ड्राई-डे के तौर पर मनाने की एडवाइजरी जारी की है। फिलहाल जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग 238 रेपिड रिस्पांस टीमें फील्ड में काम कर रही हैं।
सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि घर के आसपास या घर के अंदर भी पानी न जमा होने दें। कूलर में अगर पानी है, तो उसमें केरोसिन तेल डालकर रखें। इससे मच्छर पनपने की संभावना कम हो जाती है। पानी की टंकियों को खुला न छोड़ें, अच्छी तरह ढक कर रखें। इन दिनों फुल स्लीव और पैरों को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहनें। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें।