कैथल। अलग-अलग पांच घटनाओं में चोरों ने लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान गहने, मोटरसाइकिल और ट्रांसफॉर्मर के सामान चोरी हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहले मामले में सिविल लाइन थाने में दी गई शिकायत में गोविंद कॉलोनी निवासी सलील दुआ ने बताया कि उसके घर में अर्जुन नगर निवासी महिला रीतू चार साल से सफाई का काम करती है। कई बार रीतू पर चोरी का शक हुआ लेकिन वह विश्वास दिला देती थी कि उसने चोरी नहीं की है। फिर भी घर से कुछ न कुछ सामान गायब हो रहा था। ऐसे में रीतू को करीब डेढ़ महीने पहले उन्होंने काम पर आने से मना कर दिया। जुलाई 2021 से दिसंबर 2021 तक रीतू ने घर से एप्पल के दो फोन सहित डेढ़ लाख के सामान पार कर दिए। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुमाड़ा के एक घर से सोने की अंगूठी व चांदी के पायल चोरी हो गए। दुमाड़ा निवासी सोहन लाल ने बताया कि उसका परिवार कैथल में रहता है। दुमाड़ा में उसका मकान है। मकान की देखरेख के लिए सप्ताह में एक दो बार गांव जाते हैं। सात मार्च की रात चोर घर में घुसकर उसके कमरे में रखे बेड से एक सोने की अंगूठी और चांदी के पायल उठा ले गए। इसके अलावा चोर दो स्थानों पर मोटरसाइकिल व एक जगह से ट्रांसफार्मर के सामान चुराने की घटनाएं सामने आईं। पुलिस को दी शिकायत में गांव बंदराना निवासी प्रिंस ने बताया कि सात मार्च को 12 बजे हनुमान वाटिका से उसकी बाइक चोरी हो गई। वहीं खरौदी रोड निवासी संदीप कुमार ने बताया कि नौ मार्च को उसने पशुओं वाले बाड़े में बाइक खड़ा किया था, जहां से चोरी हो गई। एक अन्य मामले में बिजली निगम पूंडरी के एसडीओ हिम्मत ने बताया कि छह मार्च की रात गांव कठवाड़ में किसान सुभाष के खेत से चोर ट्रांसफार्मर का समान चुरा ले गए। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
चोरी की आरोपी नौकरानी गिरफ्तार
कैथल। पुलिस ने घर से चोरी करने वाली नौकरानी को गिरफ्तार किया है। महिला आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रदीप नैन ने बताया कि गोविंद कॉलोनी निवासी सलिल दुआ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके घर में रीतू कई वर्षों से साफ सफाई का काम करती थी। उसके घर से कुछ न कुछ सामान चोरी हो रहे थे लेकिन रीतू उन्हें विश्वास दिलवा देती थी कि वह चोरी नहीं करती। कुछ समय पहले उसे नौकरी से निकाल दिया था। जुलाई 2021 से दिसंबर 2021 तक उनके घर से मोबाइल व नकदी चोरी हो चुकी थी। पांच मार्च को रीतू ने घर से चोरी किया एप्पल का मोबाइल अर्जुन नगर निवासी साहिल को बेचने के लिए दिया तो साहिल ने उससे संपर्क करके मोबाइल के फोन बारे में पूछताछ की। इस पर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर 35 वर्षीय आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।