संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय ने जिला प्रशासन के सहयोग से बुधवार को राजस्व संपदा पट्टी गादड़ और पट्टी कायस्थ सेठ में पनप रही अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की। एचडीआर एक्ट 1975 के तहत जेसीबी से वहां बनाए गए अवैध निर्माण ढहा दिए गए। कार्रवाई के दौरान मिकाड़ा विभाग के एसडीओ मनोज कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौजूद रहे।
डीटीपी प्रवीण कुमार ने बताया कि कार्यालय के संज्ञान में कैथल अर्बन एरिया की राजस्व संपदा पट्टी गादड़ में करीब 4.5 एकड़ और पट्टी कायस्थ में दो एकड़ जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाने का मामला सामने आया था। भू-मालिकों को नोटिस देकर निर्माण कार्य रोकने और विभाग से अनुमति लेने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन न तो उन्होंने निर्माण रोका और न ही किसी प्रकार की स्वीकृति के लिए आवेदन किया।
इसके बाद डीटीपी का अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और मिट्टी से बनी सड़कें, बाउंड्री वॉल, सीवरेज लाइन और डीपीसी आदि शुरुआती निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।