संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार को चीका नपा व फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने सरकार पर वायदा खिलाफी के आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। आज के प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लाक उपप्रधान तलविंदर सिंह व मंच संचालन चिंतो देवी ने किया। इस प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ ब्लाक कमेटी चीका के प्रधान पवन शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।
तलविंदर सिंह ने कहा कि निकाय मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद आवास पर 29 जून को किए गए राज्य स्तरीय प्रदर्शन के दौरान मंत्री ने संघ को आश्वासन दिया था कि एक सप्ताह के अंदर बैठक कर निकाय कर्मचारियों की मांगों पर का समाधान किया जाएगा, लेकिन आज तक एक भी बैठक नहीं बुलाई गई और ना ही किसी तरह की मांग को पूरा किया गया। जिसके चलते कर्मचारी आंदोलन करने पर मजबूर हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द निकाय कर्मियों की मांगों का समाधान ना किया तो 10 व 11 सितंबर को विधायकों के आवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। वरिष्ठ प्रधान चिंतो देवी ने लोहारू में बेटी मनीषा को जल्द से जल्द न्याय दिलवाने की सरकार से मांग की।