कलायत। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा प्रदेश भर की आईटीआई में रिक्त पड़ी सीटों पर छात्रों को प्रवेश देने का बार-बार अवसर दिया जा रहा है। मगर छात्रों की कम रुचि के कारण सीट पूरी होने का नाम नहीं ले रही। अब जबकि करीब दो माह से विभिन्न प्रकार से प्रवेश प्रक्रिया चलाई जा रही है, वहीं अब फिर 31 दिसंबर तक छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करने के साथ प्रवेश लेने का मौका दिया गया है। शायद ही कोई ऐसा आईटीआई प्रदेश भर में होगा, जिसकी सभी सीटों पर छात्रों ने प्रवेश ले लिया हो। कलायत आईटीआई में भी विभाग द्वारा विभिन्न 19 प्रकार के ट्रेड सृजित हुए हैं, जिनमें 500 सीटें छात्रों के प्रवेश लेने के लिए बनाई हुई है। इस आईटीआई में आज भी 100 से अधिक सीटें रिक्त हैं।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार धीमान ने बताया कि इस संस्थान में आज भी 120 सीटें रिक्त हैं। कुछ ऐसे ट्रेड भी हैं, जिसकी सभी सीटें पूरी हो चुकी हैं। मगर आज भी कुछ ट्रेडों में सीटें रिक्त हैं। जो भी छात्र जिस भी संस्थान में प्रवेश लेना चाहता है, उसको सुबह 11 बजे तक अपना मेरिट कार्ड संबंधित संस्थान में जमा करवाना होगा। इसके पश्चात नए और पुराने छात्रों की मेरिट बनाकर रिक्त सीट पर प्रवेश देने का कार्य संस्थान स्तर पर मौके पर ही पूरा कर लिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया 31 दिसंबर तक चलेगी।