संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद उपयोगी होते हैं। इनसे लोगों को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है और समय रहते बीमारियों का उपचार संभव हो पाता है। समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने के उद्देश्य से कैथल में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया है।
वह रविवार को आरकेएसडी कॉलेज परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले सांसद नवीन जिंदल ने शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
सांसद ने कहा कि इस मेगा हेल्थ कैंप में सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, बाल रोग, मनोरोग, टीबी एवं छाती रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, स्तन कैंसर स्क्रीनिंग, एनीमिया जांच, त्वचा एवं यौन रोग, फिजियोथेरेपी, डायटिशियन, हड्डी रोग, नेत्र रोग, दंत रोग और कान-नाक-गला से संबंधित सभी प्रकार की जांच, परामर्श तथा आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। अग्रोहा मेडिकल टीम के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा, डीसी अपराजिता, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, धर्मवीर सिंह, रविंद्र धीमान और संदीप ढुल आदि लोग मौजूद रहे।
महिलाओं का समाज निर्माण में अहम योगदान
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर जीवन और कार्यक्षमता की आधारशिला है। इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने महिला दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी और अन्य महिलाओं को सम्मानित भी किया। सांसद ने कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उधर, कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद के मार्गदर्शन में समाज की सेवा के लिए 23 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के बाद मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। इस मेगा हैल्थ कैंप में 1618 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।
डीसी ने बैज लगाकर रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
डीसी अपराजिता ने शिविर के दौरान रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी ब्लड टेस्ट करवाया। उन्होंने कहा कि रक्त हमारे शरीर के लिए अमूल्य तत्व है, जो जीवन को बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। आरकेएसडी कॉलेज परिसर के अलावा चीका क्षेत्र के सिंह गांव और भवानी मंदिर चीका में भी रक्तदान शिविर लगाए गए। इन शिविरों के आयोजन में समाजसेवी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।