संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पिहोवा चौक स्थित हरियाणा सरकार के उपक्रम हारट्रोन स्किल सेंटर में आयोजित डिप्लोमा प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में एसपी आस्था मोदी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर एसपी आस्था मोदी ने 130 छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा प्रमाण-पत्र वितरित किए।
एसपी आस्था मोदी ने समारोह में कहा कि जीवन में सफलता और लक्ष्य प्राप्ति का एकमात्र साधन कड़ी मेहनत और निरंतरता है। उन्होंने कहा कि सपने देखना और उन्हें पूरा करने का प्रयास करना जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी और कहा कि जीवन में असफलताएं आती हैं, लेकिन उनसे सीख लेकर और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची सफलता की नींव है।
हारट्रोन स्किल सेंटर की सराहना करते हुए एसपी आस्था मोदी ने कहा कि यह संस्थान युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज के युग में स्किल डेवलपमेंट न केवल व्यक्तिगत विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह देश की प्रगति में भी योगदान देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कौशल का उपयोग समाज और देश के हित में करें।
कार्यक्रम में केंद्र प्रभारी बलविंद्र ढुल ने बताया कि हारट्रोन स्किल सेंटर पिछले कई वर्षों से युवाओं को विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित कर रहा है। इस वर्ष 130 छात्र-छात्राओं ने डिप्लोमा कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया है, जो अपने क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तलाशने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सेंटर का उद्देश्य युवाओं को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता प्रदान करना भी है।
समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों ने एसपी आस्था मोदी के विचारों को ध्यान से सुना और उनके प्रेरक शब्दों से उत्साहित महसूस किया। कार्यक्रम के अंत में एसपी को संस्थान की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता, थाना शहर प्रभारी गीता, जिला यातायात प्रभारी नरेश सहित सेंटर के तमाम स्टाफ उपस्थित रहे।