सोनू थुआ
कैथल। हरियाणा रोडवेज विभाग का हैप्पी कार्ड बनने वाला पोर्टल पिछले साढ़े तीन महीने से बंद पड़ा है, जिससे हजारों पात्र लोग योजना के लाभ से वंचित हैं। स्थिति यह है कि लोगों को बार-बार अटल सेवा केंद्रों और रोडवेज कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार मायूसी ही हाथ लग रही है।
पोर्टल बंद होने से पहले जिले के 65,824 लाभार्थियों के आवेदन पहले से ही लंबित पड़े हैं। इनमें से किसी को भी अब तक कार्ड नहीं मिला है। ये लोग रोडवेज विभाग कार्यालय में आकर रोजाना कार्ड संबंधित जानकारी ले रहे हैं, लेकिन मायूस होकर खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
अब तक करीब 1,54,000 हैप्पी कार्ड बनकर जिले में वितरित किए जा चुके हैं। शुरुआत में 75 हजार कार्ड आए थे, लेकिन धीरे-धीरे यह संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुंच गई। विभाग ने गांव स्तर पर भी टीमें बनाकर कार्ड वितरित किए हैं।
पुराने कार्ड भी नहीं बदले जा रहे ः पुराने खराब कार्ड भी अभी बदले नहीं जा रहे हैं। 500 के करीब लोग खराब कार्ड बदलवाने के लिए रोडवेज विभाग में आ चुके हैं। संवाद
दो से तीन लोग आ रहे आवेदन करने, नहीं खुला पोर्टल
अटल सेवा केंद्र संचालक अनिल कुमार ने बताया कि पोर्टल साढ़े तीन महीने से बंद पड़ा है। रोजाना दो से तीन लोग आवेदन करने के लिए आ रहे हैं। सरकार को पोर्टल खोलना चाहिए, ताकि सभी हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन कर सकें।
क्या है हैप्पी कार्ड योजना
हरियाणा सरकार की अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को यह कार्ड जारी किया जाता है। यह योजना 2024 के मार्च में लोकसभा चुनाव से पहले हुई थी। बाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसका शुभारंभ किया था। इस योजना के तहत कार्डधारक प्रति वर्ष 1000 किलोमीटर तक हरियाणा रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकता है। कार्ड के लिए 50 रुपये का शुल्क लाभार्थी से लिया जाता है, जबकि 79 रुपये का वार्षिक रखरखाव खर्च सरकार उठाती है।
कार्ड के लिए पोर्टल पर आवेदन नहीं हो रहा : मंजीत
किठाना निवासी मंजीत ने बताया कि अटल सेवा केंद्र पर हैप्पी कार्ड का आवेदन करने के लिए वह गया था, लेकिन वहां आवेदन नहीं हो रहा है। पोर्टल बंद पड़ा है। छह बार वह अटल सेवा केंद्र के चक्कर काट चुका है। पोर्टल खोलकर सरकार को नए हैप्पी कार्ड बनवाने चाहिए, ताकि सभी लाभार्थी योजना का लाभ ले सकें।
पांच महीने पहले किया था आवेदन नहीं मिला कार्ड
मूंदडी निवासी राजन ने बताया कि उसने पांच महीने पहले पोर्टल पर हैप्पी कार्ड का आवेदन किया था, लेकिन अभी तक भी कार्ड नहीं मिला है। कई बार रोडवेज विभाग के चक्कर काट चुका हूं,
एक ही जवाब मिल रहा है अभी तक आया नहीं है। कार्ड आते ही आपको सूचित कर दिया जाएगा।
आवेदन का पोर्टल हेडक्वार्टर से ही चलता है। इसकी हमें जानकारी नहीं हैं। यहां पर जो हैप्पी कार्ड आए थे। वह सभी लाभार्थियों को वितरित कर दिए है। एक लाख 54 हजार के करीब हैप्पी कार्ड बन चुके हैं। रोडवेज विभाग की तरफ से लाभार्थी को दे दिया गया है। -विपुल, ट्रैफिक मैनेजर रोडवेज कैथल