संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/कैथल। पूंडरी कस्बे की हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) कॉलोनी में शनिवार देर रात एक मकान पर फायरिंग की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। दो अज्ञात बाइक सवारों ने रात करीब 12 बजे कपड़ा कारोबारी के मकान पर पांच राउंड गोलियां दागीं, जिससे घर के शीशे चकनाचूर हो गए। जैसे ही गोलियों की आवाज गूंजी, लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ जमा होती देख दोनों हमलावर मौके से बाइक लेकर भाग गए।
फायरिंग की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूंडरी चौकी पुलिस, सीआईए, और अन्य जांच टीमें भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में जुट गईं। कपड़ा कारोबारी और मकान मालिक प्रदीप नैन की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रदीप नैन ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक गोली चलने और शीशे टूटने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर दो युवक बाइक से भागते नजर आए। परिवार इस वारदात से बेहद सहम गया है।
दिवाली पर भी फेंके गए थे पत्थर
शिकायतकर्ता प्रदीप ने बताया कि दिवाली के दिन भी उनके मकान पर किसी ने पत्थर फेंके थे, लेकिन उस समय उन्होंने इसे शरारत या किसी बंदर की करतूत समझकर अनदेखा कर दिया। अब फायरिंग की घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है।
सूचना ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं। मामले में प्रदीप की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। -बहादुर सिंह, पूंडरी चौकी इंचार्ज