28-कैथल। गांव बाबा लगदाना राजपूरी डेरे में सदस्यों के साथ बैठक करते हुए महंत दूजपुरी।
- फोटो : Kaithal
कैथल। गांव बाबा लदाना स्थित प्राचीन डेरा बाबा राजपुरी के महंत को बंधक बनाकर साढ़े आठ लाख रुपये की डकैती मामले में आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में मंगलवार को साधु समाज बाबा लदाना स्थित डेरे में एकत्रित हुआ। डेरा बाबा राजपुरी के महंत दूजपुरी ने बताया कि सभी ने निर्णय लिया है कि 15 मई को जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत गिरी बैरागी महाराज हरियाणा में आएंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से मिलने को लेकर चर्चा की जाएगी।
तोता गिरी ने बताया कि 25 अप्रैल की रात को डेरा बाबा राजपुरी के महंत दूजपुरी और सेवादार छोटू गिरी को बंधक बना कर साढ़े आठ लाख रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। वारदात के बाद आरोपी महंत का मोबाइल फोन भी साथ ले गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा था। मामले को लेकर सीआईए की दो टीमों का गठन किया गया है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मामले में इससे पूर्व कैथल के विधायक लीला राम ने भी महंतों के समर्थन में आकर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया था। वहीं डीसी और एसपी से महंत पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन अब तक आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला है। इससे साधु समाज में रोष बढ़ रहा है। साधु समाज ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। इस मौके पर पिहोवा के मारकांडा मंदिर, झांसा योगी बालक नाथ, चेतन पुरी महंत, तोता गिरी गुहणा, नरेश पुरी व चैतनपुरी आदि मौजूद रहे।