कैथल। गुरुद्वारा साहिब के लिए गेहूं इकट्ठा कर रहे सेवादार व उसके साथियों पर चार आरोपियों ने कृपाण से हमला कर घायल कर दिया। साथ ही उनके वाहन पर तोडफ़ोड़ की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव मियाल कलां जिला पटियाला पंजाब निवासी जरनैल सिंह ने गुहला थाने में दी शिकायत में बताया कि वह गुरुद्वारा आनंदपुर साहिब में सेवा करता है। सीजन में पंजाब व हरियाणा के गांव-गांव जाकर गेहूं इक्टठा करके गुरुद्वारा आनंदपुर साहिब में भेजता है। वह 13 अप्रैल को साथी अंग्रेज सिंह व सोनू के साथ गाड़ी में गेहूं इक्टठा करने के लिए गांव भाटिया गए थे। उसके बाद गांव श्यो माजरा से गांव लालपुर जा रहे थे।
जब वे गांव लालपुर में जाने लगे तो अचानक एक गाड़ी उनके पास आई और उस गाड़ी में बैठे चार व्यक्तियों में से एक ने उनकी गाड़ी का शीशा डंडा मारकर तोड़ दिया। आरोपियों में से मस्तान सिंह समाना ने उसके सिर में कृपाण मारी। आरोपी जोगिंद्र ने भी उसकी बाजू पर कृपाण मारी व बाद में सोनू को भी पीटकर घायल कर दिया। शोर मचाया तो आरोपी हथियार समेत भाग गए। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी जयपाल ने बताया आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मारपीट, धमकी देने में चार लोग नामजद
कैथल। मारपीट व धमकी के दो मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पहले मामले में गांव फतेहपुर निवासी कर्मपाल ने पूंडरी थाना में शिकायत दी कि आरोपी रिछपाल व तेजपाल ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मामले में जिले के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि 14 अप्रैल को शाम के समय आरोपी सुरेंद्र व उसकी
मां ने उससे मारपीट की। यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इसके साथ आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद