कैथल। प्योदा रोड के नजदीक पिस्तौल दिखाकर आरोपियों ने एक व्यक्ति से सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया गया। घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइन थाने में दी शिकायत में सोगियान मोहल्ला निवासी अनूप कुमार ने बताया कि उसके बड़े भाई सुरेंद्र ने वर्ष 1993 व उसने 2003 में दो कनाल 18 मरले जमीन देवीगढ़ निवासी चंद्रभान से खरीदी थी। उसी समय से जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल व गिरदावरी उनके नाम है, लेकिन खेवट चंद्रभान के साथ साझी है। चंद्रभान की मौत के बाद उसके परिवार का सदस्य शीशपाल कहता है कि यह उनकी जमीन नहीं है। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। आरोप है कि पंचायत में फैसले के बाद तीन अप्रैल को उसने जमीन पर दीवार बनाना शुरू किया। आरोप है कि पांच अप्रैल को साढ़े 10 बजे दीवार का निर्माण कार्य करते समय शीशपाल और उसका एक लड़का आया। लड़के के हाथ में पिस्तौल थी। ऐसे में वह और उनका भतीजा अमित बंसल डर के मारे भाग खड़े हुए। इसके बाद शीशपाल के साथ तीन मोटरसाइकिलों पर आठ युवक आ धमके। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने हमला कर सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया। फिर फरार हो गए।