संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाई उदय सिंह किले में श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति एवं जीओ गीता परिवार के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार शाम से तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग का शुभारंभ हुआ। पहले दिन श्रद्धालुओं में भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गीता सत्संग में महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने श्रद्धालुओं को भगवद् गीता का महत्व बताते हुए कहा कि गीता मनुष्य को जीवन जीने की कला सिखाती है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति गीता के उपदेशों को अपने जीवन में उतार ले, तो वह कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सही मार्ग प्राप्त कर सकता है।
स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि हिंदू नव वर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। सत्संग के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और गीता का संदेश विश्वभर में पहुंचाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कैथल के सेक्टर-19 हुडा क्षेत्र में बन रहे श्री कृष्ण कृपा सेवा धाम के निर्माण कार्य के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
कैथल के भाई उदय सिंह किले में तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग में कथा का श्रवण करतीं महिलाएं।