संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। शांति मोहल्ला सेवा समिति सीवन की ओर से इस वर्ष 10वां भगवान गणपति महोत्सव उल्लास के साथ मनाया जाएगा। समिति के प्रधान सुनील मुंजाल कालू के निवास स्थान पर रविवार को इस आयोजन को लेकर सदस्यों ने बैठक की। मंजाल ने बताया कि भगवान गणपति जी का आगमन भव्य शोभायात्रा के साथ 27 अगस्त को किया जाएगा।
यह महोत्सव छह सितंबर तक लगातार 10 दिनों तक चलेगा। महोत्सव की शुरुआत 27 अगस्त को भगवान गणपति जी की प्रतिमा की शोभा यात्रा से होगी। प्रतिदिन भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न भजन मंडलियां पहुंचकर भगवान गणपति जी की स्तुति और गुणगान प्रस्तुत करेंगी।
समिति के प्रधान सुनील मुंजाल कालू व राहुल कक्कड़ ने बताया कि भजन संध्याओं में विशेष मंडलियों को आमंत्रित किया गया है, जिनके मधुर भजन पूरे सीवन को भक्तिमय माहौल में सराबोर करेंगे। इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करवाया गया।