संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ढांड पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना ढांड के एसआई जोगिंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने गांजा फूल पत्ती सप्लाई करने वाले आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार किया है, जो माधोपुर, बिहार का निवासी है।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को एंटी नारकोटिक सेल के एसआई बलराज सिंह की टीम ने रानीगंज, जिला पटना (बिहार) निवासी धर्मेंद्र को अनाज मंडी ढांड के सामने उसके घर से 2 किलो 600 ग्राम गांजा फूल पत्ती के साथ गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि यह नशा संजय कुमार ने धर्मेंद्र को सप्लाई किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय पहले से ही एक अन्य नशा तस्करी के मामले में कैथल जेल में बंद था। जांच के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाया गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 27 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। संजय कुमार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।