कैथल। इटली भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक एजेंट को पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक युवक से 5 लाख 55 हजार रुपये ऐंठ लिए थे। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मोहना निवासी कंवरपाल की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया कि कंवरपाल के दो बेटे और एक बहू पहले से ही इटली में रहते हैं। उनका रिश्तेदार सुशील, निवासी पूंडरी, भी इटली जाना चाहता था। इसी दौरान एजेंट विक्रम मेहला, निवासी महमदपुर, जिला करनाल ने उसे भरोसे में लेकर कहा कि वह उसे 45 दिन के भीतर इटली भेज देगा, लेकिन इसके बदले उसे 17 लाख रुपये देने होंगे। विक्रम ने अलग-अलग खर्चों के नाम पर सुशील से 5 लाख 55 हजार रुपये ले लिए और शेष रकम इटली पहुंचने के बाद देने को कहा था।
तय समय बीतने के बाद भी जब वीजा नहीं आया तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज किया गया था। जांच अधिकारी एसआई कुलबीर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम मेहला को उसके गांव महमदपुर से गिरफ्तार कर लिया।