कैथल। जिले में डेंगू का डंक बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को डेंगू के चार नए मामले सामने आने से अब जिले में कुल मामले 353 हो गए हैं। जबकि डेंगू के बढ़ते प्रकोप पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन व समाज सेवी लोगों द्वारा फॉगिंग कराई जा रही है। फिर भी हालात यह बने हुए हैं कि निजी अस्पताल में डेंगू व वायरल बुखार के लगातार मरीज आ रहे हैं।
विदित रहे कि तीन साल बाद जिले में डेंगू के मामले करीब तीन गुना सामने आए हैं। प्रशासन ने सीजन शुरू होने से पहले सक्षम युवाओं के माध्यम से घर-घर जाकर अभियान भी चलाया। लोगों को जागरूक भी किया। इसके बावजूद डेंगू का मच्छर पनप रहा है। साथ ही डेंगू से मिलते-जुलते लक्षणों वाले वायरल बुखार की भी लोग चपेट में आ रहे हैं। कई लोगों की हालत तो इतनी गंभीर हुई है कि उन्हें प्लेटलेट्स के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ा। जबकि जिला अस्पताल में नई प्लेटलेट्स की मशीन रखी हुई है। विभागीय अधिकारी इसे शुरू करने के लिए औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को डेंगू के 4 नए मामले सामने आए हैं। कुल केसों की संख्या बढ़कर 353 हो गई है। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा का कहना है कि शहर में डेंगू के सीजन से पहले जागरूकता अभियान चलाया गया था। सक्षम युवाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। उधर, नगर परिषद के ईओ कुलदीप मलिक ने कहा कि कर्मचारी शहर में लगातार फॉगिंग करवा रहे हैं। इसके लिए दवा स्वास्थ्य विभाग ने उपलब्ध करवाई है। चार नई मशीनें खरीदी गई हैं। जिनकी मदद से शहर में फॉगिंग करवाई जा रही है।