कैथल। सेक्टर-20 में निर्मित लक्ष्मी नारायण मंदिर से शनिवार की सुबह श्री खाटू श्याम एवं सालासर मंडल कैथल द्वारा पूर्व मंत्री स्व. शमशेर सिंह सुरजेवाला की स्मृति में कैथल से श्री खाटू श्याम व सालासर धाम के लिए प्रतिमाह निशुल्क बस सेवा की शुरुआत की गई। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बतौर मुख्यातिथि बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि उनके पिता व पूर्व मंत्री स्व. शमशेर सिंह सुरजेवाला के नाम पर निशुल्क बस के लिए वे सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को प्रभु दर्शन करवाने से बड़ा कोई भी नेक कार्य नहीं हो सकता। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राजीव गुप्ता ने की और विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूंडरी से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे सतबीर भाणा और सम्मानित अतिथि के तौर पर युवा कांग्रेस के हलकाध्यक्ष दीक्षित गर्ग ने शिरकत की। इस अवसर पर सुदीप सुरजेवाला, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रामनिवास मित्तल, प्रवीण चौधरी, जुगल टक्कर, अशोक गुप्ता, पवन गोयल, डी डी सिंगला आदि मौजूद रहे।