संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चार लाख रुपये की रिश्वत मामले में गिरफ्तार आरोपी का मंगलवार को दो दिन का रिमांड खत्म हो गया। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया। अब कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, रिमांड के दूसरे दिन आरोपी पूर्व पार्षद की बीमारी ठीक हो गई।
हालांकि एसीबी टीम को रिमांड के दौरान आरोपी से कोई अन्य राशि मिली है। जबकि पहले दिन आरोपी के घर से 43 लाख रुपये बरामद किए गए थे। अब एसीबी टीम ने आरोपी पूर्व पार्षद के बैंक खातों को खंगालने के लिए बैंकों को पत्र लिखा गया है।
अब बैंक खातों को खंगालकर यह जानकारी प्राप्त की जाएगी की कहीं आरोपी पूर्व पार्षद अधिकारियों की धौंस दिखाकर खातों में तो रुपये डलवाता था। साथ ही एसीबी की ओर से उसके ठिकानों पर भी दबिश देकर जांच की जाएगी।
एसीबी कैथल प्रभारी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि चार लाख रुपये की रिश्वत मामले में गिरफ्तार आरोपी पूर्व पार्षद कमल मित्तल का कोर्ट से लिया गया दो दिन का रिमांड अब समाप्त हो गया है। अब आरोपी के खातों की जांच के लिए बैंक प्रबंधन को लेकर पत्राचार शुरू किया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
एसीबी ने रंगेहाथ किया था गिरफ्तार
टीम ने सेक्टर 19 निवासी पूर्व पार्षद कमल मित्तल को चार लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। वह उपायुक्त को रुपये देने के नाम पर व्यापारी से और पैसे मांग रहा था। इस मामले में कैथल निवासी व्यापारी संदीप गर्ग ने 18 अप्रैल को एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत देकर बताया कि उसकी पुराने बस स्टैंड के पास जमीन है, जिस पर उसने बिल्डिंग बनवाई थी। आरोपी ने इसकी शिकायत कर बिल्डिंग को सील करवा दिया था। इसके बाद उसके शिकायतकर्ता कमल मित्तल से संपर्क साधा। उसने पांच लाख 20 हजार रुपये लेकर सील को खुलवा दिया। इसके बाद भी आरोपी ने सीएम विंडो पर उसकी शिकायत कर दी। उसकी बिल्डिंग की सील खुल गई थी। इसके बाद आरोपी ने उसकी दोबारा शिकायत कर दी है। एसीबी ने कमेटी चौक पर स्थित बाजार में आरोपी को गिरफ्तार किया था।