सीवन। लगातार बारिश ने नगर की स्थिति बिगाड़ दी है। कई मकानों की छतों से पानी टपकने लगा, जिससे लोग पॉलिथीन खरीदकर छतें ढकने को मजबूर हो गए। बुधवार सुबह से ही पॉलिथीन की दुकानों पर भीड़ लगी रही।
बारिश का पानी निचले इलाकों में जमा हो गया है। नगर पालिका इंजन लगाकर सड़कों से पानी निकालने में जुटी है। रामा आश्रम रोड पर पानी भरने के साथ गहरे गड्ढे भी बन गए हैं। हादसे रोकने के लिए लाल झंडी लगाई गई है। नगरवासियों ने आरोप लगाया कि गैस कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढे सही ढंग से नहीं भरे गए, जिससे हर घर के बाहर खतरा बना हुआ है। कैथल-पटियाला मार्ग पर भी कई गहरे गड्ढे हैं, जिनमें वाहन फंसकर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सौथा रोड का तालाब भी बारिश से ओवरफ्लो होकर सड़क और खेतों में पानी फैला रहा है। लोगों का कहना है कि हाल ही में नगरपालिका ने दो इंजन लगाकर इसे खाली किया था, लेकिन अब यह फिर से लबालब भर चुका है। संवाद
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढे भरे जाएं और जलभराव की समस्या दूर की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।