गुहला-चीका। राजकीय कन्या महाविद्यालय चीका की छात्राओं ने पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में विश्वविद्यालय स्तर पर परचम लहराकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय स्तर पर प्रियंका वर्मा ने प्रथम और काजल ने अंग्रेजी में द्वितीय स्थान हासिल किया है।
प्रियंका वर्मा ने विश्वविद्यालय स्तर पर 400 में से 354 अंक हासिल किए हैं जबकि काजल ने 95 अंक के साथ अंग्रेजी विषय में पूरे विश्व विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में सिमरन ने 93 अंक के साथ अंग्रेजी विषय में सातवां स्थान प्राप्त किया। पांचवें सेमेस्टर में पॉलिटिकल साइंस विषय में 86 अंकों के साथ ज्योति शर्मा विश्वविद्यालय स्तर पर छठे स्थान पर रहीं। कंप्यूटर साइंस की छात्रा ज्योति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
महाविद्यालय में बुधवार को इन सभी छात्राओं के अभिभावक महाविद्यालय परिसर में आमंत्रित किए। सबसे पहले प्राचार्य राजेंद्र अरोड़ा ने सभी अभिभावकों छात्राओं एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों को छात्राओं की उपलब्धि पर बधाइयां दी।
प्राचार्य ने कहा कि छात्राओं को
कम्युनिकेशन स्किल के साथ स्नातकोत्तर कक्षाओं में अपने विषयों पर अच्छी पकड़ बनानी होगी। इस मौके पर प्राध्यापक डॉ. अनिल, डॉ. लक्की शर्मा, प्रो. रोहताश, डॉ. रजनी गुप्ता, मीनाक्षी, प्रो. गुरनाम सिंह डॉ. फूल कुमार मौजूद रहे।