कैथल। पुलिस ने शराब तस्करी के पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 बोतल शराब और करीब 350 लीटर लाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि पहले मामले में थाना राजौंद पुलिस ने मंडवाल रोड स्थित भैंसों की डेयरी पर दबिश देकर राजौंद निवासी राहुल को काबू किया। डेयरी में रखे दो लोहे की कैनी से 71 पव्वे और पांच बोतल देसी शराब बरामद हुई। दूसरे मामले में थाना तितरम पुलिस ने देवबन-सहारण रोड पर नाकाबंदी कर गांव देवबन निवासी बंसी को गिरफ्तार किया। उसकी स्कूटी से 18 बोतल देसी शराब बरामद हुई। तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने भूना मोड़ पर नाकाबंदी कर गांव भूना निवासी रघबीर सिंह को पकड़ा। उसके कब्जे से कैनी में रखी 12.25 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की गई।
चौथे मामले में पुलिस ने नौच ड्रेन की कच्ची पटरी पर नाकाबंदी कर गांव निवासी तारा चंद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से प्लास्टिक कैनी में रखी 27 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद हुई। पांचवें मामले में थाना पूंडरी पुलिस ने गांव रमाणा-रमाणी निवासी सुरेंद्र के मकान पर दबिश दी। मकान के स्टोर में रखे नीले और लाल रंग के दो लोहे के ड्रमों से करीब 350 लीटर लाहन बरामद हुआ। पुलिस को देखकर आरोपी सुरेंद्र मौके से भाग गया था लेकिन बाद में उसे काबू कर लिया गया। पुलिस सभी मामलों में आगामी कार्रवाई कर रही है।