दुकान में जले सामान की फोटो। संवाद
कैथल। अमरगढ़ गामड़ी में शनिवार तड़के एक बंद दुकान में आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का सामान जल गया। आग से ई-रिक्शा, फल से भरी तीन रेहड़ियां, सेब की पेटियां और अन्य सामान नष्ट हो गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गांव नंदकरण माजरा निवासी रणधीर सिंह की अमरगढ़ गामड़ी में फल की दुकान है। उन्होंने बताया कि शनिवार तड़के पड़ोसी दुकानदारों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। उन्होंने तुरंत ताला तोड़ने के लिए कहा। उस समय दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं। पड़ोसियों ने दमकल विभाग को सूचना दी जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
रणधीर सिंह के अनुसार दुकान में सेब की पेटियां, फल से लदी तीन रेहड़ियां, बारदाना, कंडे और कूलर रखा था। आग की चपेट में आने से ई-रिक्शा भी जल गई। उन्होंने बताया कि दुकान से पांच से छह लोगों का रोजगार चलता था, जो इस घटना से प्रभावित हुआ है। पांच लाख के करीब नुकसान हुआ है। दमकल केंद्र के स्टेशन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दो गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। आग पर काबू पा लिया गया है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
दुकान में जले सामान की फोटो। संवाद