कलायत। कस्बे के गांव बाता और वजीर नगर के मार्ग पर स्थित खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और फानों में वीरवार शाम को अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण ये फैलती चली गई और कई खेतों को चपेट में ले लिया। इस दौरान ग्रामीणों की सूचना पर कलायत और कैथल से पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियाें ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान कलायत थाना प्रभारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग में सात किसानों के19 एकड़ खेत में खड़ी गेहूं की फसल और 58 एकड़ खेत में खड़े फाने जल कर राख हो गए। किसानों ने प्रशासन से मुआवजा उपलब्ध करवाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार जिन किसानों के खेतों में आग लगी उन्हें गांव बात्ता के सुखविंदर पुत्र लाभ सिंह की सात एकड़ में खड़ी फसल व 20 एकड़ में गेहूं के फाने और गांव बात्ता के अशोक पुत्र लीला राम के 8 एकड़ व नरेश पुत्र भानू के 10 एकड़ में खड़े फाने जल गए। गांव बात्ता के ही नाथु राम पुत्र अमर सिंह की 4 एकड़ में खड़ी गेहूं व बिट्टू पुत्र राजपाल के 12 एकड़ के फाने जल कर राख हो गए। गांव बात्ता के नाथी राम पटवारी की 5 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल आग में पूरी तरह से जल कर राख हो गई। गांव वजीर नगर के रामरतन की 3 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह से जल कर राख हो गई।