संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। सजूमा रोड स्थित किसान रोशन राणा के घर में सोमवार देर रात अचानक आग भड़क गई। आग पास ही किसी अन्य स्थान पर छोड़े गए पटाखों की चिंगारी से लगी, जो तेज हवा के चलते सीधे राणा के घर तक पहुंच गई। आग ने पलभर में विकराल रूप ले लिया और भारी नुकसान कर दिया।
हादसे में किसान की पानी की बड़ी टंकी, खेतों में सिंचाई के लिए रखी भूमिगत पाइपलाइन की सामग्री, मोटर, पाइपें, लकड़ी का सामान व अन्य कृषि उपयोगी सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पड़ोस के लोग भी डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।
किसान रोशन राणा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही मुहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर बाल्टियों व पाइपों से आग बुझाने की कोशिश की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
किसान परिवार ने प्रशासन से हादसे में हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पटाखों पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।