संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/करनाल। करनाल के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 साल की नाबालिग लड़की को कैथल उठाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने दो भाइयों और उनकी मां के खिलाफ अपहरण व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी लड़की को नशीला पदार्थ पिलाकर 25 दिसंबर को उठा ले गए थे। चार माह बाद पुलिस की सहायता से लड़की को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया गया। सदर थाना पुलिस मामले में जांच कर रही है।
लड़की की मां ने सदर थाना पुलिस को बताया कि 25 दिसंबर 2025 को शाम 7 बजे उनके घर पर कोई नहीं था। इसी दाैरान कैथल के टीक गांव निवासी विकास और उसका भाई विशु उनकी 16 साल की नाबालिग बेटी को नशीला पदार्थ पिलाकर जबरदस्ती उठाकर ले गए थे। 22 अप्रैल को उनकी बेटी ने गांव के सरपंच को फोन करके बताया कि वह टीक गांव में है।
29 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे वह टीक गांव में गईं। उन्होंने वहां पर डायल 112 को फोन करके पुलिस बुलाई। पुलिस के आने पर अपनी बेटी को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाकर साथ ले आईं। आरोप है कि विकास की मां जमीला ने लड़की के बाल काट दिए थे। पिटाई की थी।
पुलिस ने नाबालिग लड़की की माता की शिकायत पर आरोपी विकास, विशु और उनकी मां जमीला के खिलाफ अपहरण और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। लड़की की काउंसिलिंग करवाई जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवती को भगाने में युवक नामजद
कैथल। कैथल शहर से एक युवती को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली। शहर की कॉलोनी के व्यक्ति ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 29 अप्रैल को बलकार उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर साथ बहला फुसलाकर भगा ले गया। मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद