संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर पालिका कार्यालय में निजी एजेंसी के माध्यम से संचालित आधार कार्ड केंद्र में बच्चों के साथ आईडी अपडेट के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसमें आधार पंजीकरण के लिए निर्धारित नियमों को एक तरफ रखते हुए निशुल्क सेवाओंं की बजाय प्रत्येक आवेदक से 100 रुपये फीस वसूली जा रही है।
कलायत वार्ड तीन निवासी कृष्ण दहिया ने बताया कि वे अपने छह वर्षीय बेटे कार्तिक के आधार कार्ड को अपडेट करवाने पहुंचे थे। इस दौरान उनसे 100 रुपये शुल्क वसूला गया। उन्होंने कहा कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण भारत सरकार नियम अनुसार पांच से सात वर्ष और 15 से 17 तक की आयु के बच्चों का क्रमश: दो बार बायो मैट्रिक आधार निशुल्क अपडेट करने के आदेश हैं। जबकि अन्य आयु वर्ग के लिए 100 रुपये फीस का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि जब आधार कार्ड केंद्र संचालकों को नियमों का हवाला दिया गया तो उन्होंने बताया कि यह फीस पोर्टल खुद फीस की रसीद जारी कर रहा है। कृष्ण ने बताया क हैरानी का विषय है कि पारदर्शिता कायम करने के लिए पोर्टल व्यवस्था की शुरूआत सरकार द्वारा की गई है। समझ नहीं आ रहा कि आखिरकार संचालक किस ढंग से नियमों को बाईपास कर आवेदकों से फीस वसूल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चोंं के आधार कार्ड अपडेट करने के नाम पर नियमों के खिलाफ फीस वसूली पर रोक लगाने के लिए पार्षदों ने नगर पालिका सचिव पवन शर्मा से संज्ञान लेने का सुझाव दिया। पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका में प्रतिदिन बढ़ी संख्या में बच्चों के आधार कार्ड को परिवार के लोग अपडेट करवाने पहुंचते हैं। इस मायने से मोटा चूना नागरिकोंं को लग रहा है।
इस पर अंकुश लगाने को बिना देरी के आधार कार्ड केंद्र के बाहर नियम चस्पा किए जाएं। साथ ही नगर पालिका प्रशासन इस पर निगरानी रखे। कलायत नगर पालिका परिसर में स्थित आधार कार्ड केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। समाज सेवी संगठनों और लोगों का कहना है कि केंद्र मेंं कर्मी मर्जी से आते-जाते हैं। इसके चलते आवेदकोंं व उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए लोग विशेष निगरानी विंग गठित करते हुए आधार कार्ड केंद्र पर नजर रखने की मांग कर रहे हैं।