Farmer of village Bhagal, who went to the agitation on Tikri border, died of heart attack
- फोटो : Kaithal
टीकरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए गए गांव भागल के 70 वर्षीय किसान मेवा सिंह की हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई।
रविवार सायं गांव भागल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। भाकियू के जिला उपाध्यक्ष चमकौर सिंह व गांव के सुभाष ने बताया कि मेवा सिंह अक्सर आंदोलन में भाग लेने के लिए जाता था। वह यह कहकर गया था कि इस बार वह आर-पार करके ही आएगा। शनिवार की रात करीब 3 बजे वह उठा था। उसके साथ गांव के ही पाला राम भी थे। इसी बीच उसे हार्ट अटैक आया और मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
गांव में उनके अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। भाकियू जिला अध्यक्ष होशियार सिंह प्यौदा, महावीर नरड़ सहित अन्य किसान नेता उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे। होशियार सिंह प्यौदा ने कहा कि किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सरकार को कृषि कानून वापस लेने पड़ेंगे। किसानों ने नम आंखों से किसान मेवा सिंह को अंतिम विदाई दी।