संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के कर्मचारियों ने जिले के सभी विभागों में काली पट्टी बांधकर मांगें पूरी न होने पर रोष प्रदर्शन किया। संघ के जिला प्रधान शिवचरण ने बताया कि जिले में वीरवार और शुक्रवार को दो दिन तक राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारी सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में रोष प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाली, बिना शर्त के एक्सग्रेसिया पॉलिसी लागू करने, दो लाख खाली पदों पर स्थायी भर्ती करने, महंगाई भत्ते के अनुसार आवास भत्ते में बढ़ोतरी करने, ठेका प्रथा पर रोक लगाने आदि मांगों को पूरा किए बिना ही हरियाणा सरकार चुनाव में चली गई है। इससे कर्मचारियों में गहरा रोष है।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा कर्मचारी भवन रोहतक में राज्य कार्यकारिणी की बैठक करके आगामी रणनीति तय करेगा। इस मौके पर राज्य उपप्रधान जरनैल सिंह, केंद्रीय कमेटी सदस्य राजेंद्र सीनंद, जिला वरिष्ठ उपप्रधान ओमपाल भाल, उपप्रधान छज्जू राम, सावित्री देवी व कैशियर रामकुमार मौजूद रहे।