संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लायंस क्लब कैथल सेंट्रल ने जिला रेडक्रास सोसायटी के सहयोग से अनहद एजुकेशन एंड हेल्थ वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित होली पथ स्कूल में अशक्त एवं मूक-बधिर विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए चप्पल बनाने की मशीन तथा रुई की ज्योत (बत्ती) बनाने की मशीन भेंट की।
कार्यक्रम में उपायुक्त अपराजिता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में किताबी शिक्षा के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। इन मशीनों के माध्यम से विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ हुनर सीख सकेंगे, जिससे उनके लिए भविष्य में रोजगार के अवसर सृजित होंगे और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ेगा। उन्होंने मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और इनके उपयोग में पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
स्कूल प्रबंधन ने लायंस क्लब का आभार जताते हुए बताया कि मशीनों की स्थापना से उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ होगा, जो तकनीकी एवं व्यावहारिक कार्यों में रुचि रखते हैं। इस अवसर पर जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव रामजी लाल, लायंस क्लब कैथल सेंट्रल के प्रधान प्रवेश कंसल, पुनित शर्मा, हरजिंद्र पठानिया, सुदीप मलिक, सुभाष, नरेश बत्रा और अशोक गुलाटी उपस्थित रहे।