कैथल। गांव गुहणा में सरपंच पद का चुनावी मुकाबला काफी रोमांचक बना हुआ है। अभी तक कई ग्रामीण खुद समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर किस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें? ऐसे में गांव में रोजाना बैठकों का दौर जारी है। गौरतलब है कि गांव गुहणा की कैथल शहर से दूरी करीब 15 किलोमीटर है। गांव में इस बार अनुसूचित वर्ग के लिए सरपंच का पद आरक्षित हुआ है। गांव की आबादी आठ हजार के करीब है। 4800 से ज्यादा मतदाता सरपंच पद के लिए मतदान करेंगे। सरपंच बनने के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं।
गांव में सभी उम्मीदवार 12वीं पास तक-ग्रामीण सुनील कुमार, संजीव, सुरेंद्र, संदीप, प्रदीप व रामनिवास ने बताया कि चुनाव में जो उम्मीदवार सरपंच बनने के दावे कर रहे हैं, उनमें से पांच उम्मीदवार 10वीं कक्षा तक पढ़े लिखे हैं। गांव का कोई भी उम्मीदवार 12वीं पास से ज्यादा पढ़ा हुआ नहीं है। वहीं, छह उम्मीदवारों की तो आयु भी करीब 25 वर्ष तक है। 30 वर्ष से ज्यादा आयु के केवल दो उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव को लेकर गांव में रोजाना सुबह या शाम के समय ग्रामीणों की अलग-अलग बैठकें हो रही हैं। किसी भी चौक-चौराहे या सार्वजनिक स्थान पर जाएं तो केवल चुनाव की चर्चा ही सुनने को मिल रही है। ग्रामीण अब भी उम्मीदवारों को एकमत करने के प्रयास में हैं, लेकिन सभी उम्मीदवार चुनाव को लेकर अपने प्रचार में जुटे हुए हैं।
गांववासियों ने बताया कि इस समय गांव में अनाज मंडी को पक्का करवाना, शहर से गांव तक बस की सुविधा, गलियों और सडक़ों पर लाइटें लगाना, सुरक्षा के दृष्टिगत गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाना, निकासी व्यवस्था को दुरूस्त करना व खिलाडिय़ों के लिए खेल मैदान बनवाना प्रमुख मुद्दे हैं। बैठकों में भी ग्रामीणों की इन मुद्दों पर बातचीत होती है। कुल मिलाकर गांववासी ऐसे ही उम्मीदवार का पक्ष धरने वाले हैं, जो इन मुद्दों पर बातचीत कर रहा है।