संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजौंद पुलिस द्वारा कसान क्षेत्र में एक 75 वाशिंग मशीन लदे कंटेनर से 3 कट्टों में 47 किलो डोडा पोस्त बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अहमदाबाद से लुधियाना के लिए वॉशिंग मशीन ले जा रहे कंटेनर को नशा तस्करी के आरोप में पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया। पंजाब निवासी आरोपी का मंगलवार को न्यायालय से मुख्य नशा सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना प्रबंधक राजौंद सब इंस्पेक्टर रणबीर सिंह की टीम करीब अर्धरात्रि समय गश्त दौरान किच्छाना बस अड्डा के पास मौजूद थी। पुलिस द्वारा एक गुप्त सूचना मिलने के बाद जींद-कैथल रोड गांव कसान क्षेत्र में नाकाबंदी की गई, जहां जींद साइड से आए संदिग्ध ट्रक/कंटेनर चालक महेंद्र सिंह निवासी रमीदी जिला कपूरथला पंजाब को काबू कर लिया गया। पुलिस द्वारा कंटेनर की तलाशी ली गई तो उसमें लदी 75 वाशिंग मशीनों के उपर 3 प्लास्टिक कट्टों से 47 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि अहमदाबाद गुजरात से लुधियाना पंजाब में पहुंचाने के लिए वाशिंग मशीन लोड करने के बाद आरोपी चालक द्वारा रास्ते में भीलवाड़ा राजस्थान के नजदीक एक स्थान से यह डोडा पोस्त खरीदा गया था, जिसे वह तस्करी करके पंजाब ले जा रहा था। थाना राजौंद में मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार करके तस्करी में उपयोग गाड़ी जब्त कर ली गई। ट्रक चालक को नशा उपलब्ध करवाने वाले मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आरोपी का मंगलवार को न्यायालय से 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।