कैथल। जिले में अवैध कालोनियों को वैध करने से पूर्व आबादी की स्थिति की जांच के लिए वीरवार से कालोनियों में ड्रोन से सर्वे शुरू करवा दिया गया है। जिला टाउन एवं प्लानिंग विभाग ने पहले अपने स्तर पर कालोनियों का सर्वे कर विभाग को भेजा था। सरकार ने विभाग की रिपोर्ट के बाद निजी कंपनी को टेंडर देकर ड्रोन से सर्वे करवाकर इसकी जांच शुरू करवा दी है।
डीटीपी अनिल नरवाल की अगुवाई में वीरवार को पूंडरी और चीका में कालोनियों का ड्रोन से सर्वे किया गया। दोनों शहरों में 60 से अधिक अवैध कालोनियां हैं जिनकी रिपोर्ट डीटीपी कार्यालय की ओर से सरकार को भेजी गई है। चीका में करीब 40 और पूंडरी में 20 से अधिक कालोनियां हैं। वीरवार को दोनों शहरों में करीब 18 कालोनियों का ड्रोन से सर्वे किया गया। इस सर्वे में ड्रोन से तस्वीर लेकर इस बात की जांच की जा रही है कि कालोनी कितनी आबाद हो चुकी है ताकि उसी आधार पर इन कालोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। साथ ही जो कालोनी निर्धारित मापदंड पूरे नहीं करती, उसे इस सूची से बाहर किया जा सके। डीटीपी ने बताया कि जिले में मुख्यालय कैथल शहर सहित सभी शहरों की 152 कालोनियों का सर्वे करके विभाग को भेजा गया था। अब दिल्ली से एक एजेंसी द्वारा ड्रोन से इन कालोनियों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। वीरवार को पूंडरी और चीका में कालोनियों का ड्रोन से सर्वे किया गया है। 152 में हर कालोनी का ड्रोन से सर्वे किया जाएगा। इसके बाद इसकी रिपोर्ट विभाग को दी जाएगी। इस मौके पर एजेंसी के कर्मचारी भी मौजूद थे।